यमुनानगर , सितंबर 29 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाये जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को नगर निगम द्वारा विश्वास फाउंडेशन के सहयोग से जगाधरी सिविल लाइन स्थित पंजाबी धर्मशाला में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के रक्त केंद्र और सिविल अस्पताल की टीमों ने 303 यूनिट रक्त एकत्रित किया। शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं, नगर निगम कर्मचारियों और शहर के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। महिलाओं और युवतियों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। सुबह से ही रक्तदान के लिए कतारें लगी रहीं।

मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, मार्केट कमेटी जगाधरी के अध्यक्ष विपुल गर्ग, प्रियांक शर्मा और निश्चल चौधरी ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

पूर्व मंत्री कंवरपाल ने कहा कि रक्तदान सबसे पुनीत सेवा कार्यों में से एक है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान बन सकता है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे प्रत्यक्ष माध्यम है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, ऐसे में रक्तदाताओं का सहयोग अमूल्य है। 303 यूनिट रक्त का एकत्रित होना लोगों की सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रमाण है। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई सामाजिक योगदान नहीं है। स्वस्थ लोगों को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। शिविर में एकत्रित रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोगी होगा।

इस अवसर पर मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, सफाई निरीक्षक सचिन कंबोज, मीडिया सेल प्रभारी मुक्ता, भाजपा जिला महामंत्री नरेंद्र सिंह राणा, पार्षद जयंत स्वामी, भानू प्रताप, अंकित, जगदीश विद्यार्थी, विश्वास फाउंडेशन से रजनीश विश्वास, सुमेर, मुलखराज, उपदेश, अंजला, सोनिका, टीना और अन्य मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित