जयपुर , सितंबर 18 -- राजस्थान के राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने दानवीर महर्षि दाधीचि की जयंती की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को 'रक्तदान, नेत्रदान, देहदान एवं मतदान महादान' विषयक स्टिकर का विमोचन किया।

इस अवसर पर श्री सिंह ने महर्षि दाधीचि जयंती के उपलक्ष्य में देशवासियों के नाम संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान, नेत्रदान, देहदान और मतदान जैसे विषयों को एक साथ जोड़कर चलाया जा रहा यह अभियान अपने आप में अनूठी सामाजिक पहल है। इस तरह के प्रयासों से समाज के सभी वर्गों में जनजागृति का संदेश पहुंचता है और लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा सकता है।

इस वर्ष श्री सिंह प्रेरणा से अभियान में 'मतदान महादान' को भी जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

राजस्थान प्रांतीय दाधीच (दाहिमा) ब्राह्मण सभा के प्रदेश अध्यक्ष पं. राघव शर्मा ने बताया कि समाज की ओर से हर वर्ष रक्तदान, नेत्रदान और देहदान को बढ़ावा देने तथा लोगों में सामाजिक जागरूकता पैदा करने के लिए स्टिकर विमोचन एवं वितरण अभियान चलाया जाता है। इसके तहत प्रदेशभर में करीब 50 हजार स्टिकर वितरित किये जाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित