चंडीगढ़ , मार्च 22 -- अमृतसर वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक डॉ. गगनदीप रंधावा की कथित तौर पर आत्महत्या के मामले में पंजाब की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। विपक्ष ने एकजुट होकर मांग की कि सिर्फ मंत्री का इस्तीफा काफी नहीं है, गिरफ्तारी जरूरी है।
यहां रविवार को शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया और आरोपी मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा प्रमुख रूप से शामिल हुए। नेताओं ने सरकार पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. रंधावा ने मरने से पहले एक वीडियो के जरिए मृत्यु पूर्व बयान किया था, जो अब इस पूरे मामले का सबसे बड़ा सबूत बन गया है। इस वीडियो में एक बेबस अधिकारी की आंखों में मौत का डर और सत्ता का आतंक साफ दिखाई देता है। आरोप है कि उन्हें मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के आवास पर बुलाकर निर्वस्त्र किया गया, पिस्तौल के बट से पीटा गया और उन पर झूठे रिश्वत मामले में फंसने का दबाव बनाया गया। अस्पताल में भी वे इतने डरे हुए थे कि उन्होंने डॉक्टरों से कहा, "मेरी जान मत बचाओ, मेरा परिवार खतरे में है।"मीडिया से बात करते हुए अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इस घटना को "सरकारी तंत्र की गुंडागर्दी" करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जो एफआईआर 21 मार्च की सुबह दर्ज होनी चाहिए थी, उसे दबाव के बाद 22 मार्च को तड़के एक बजे क्यों दर्ज किया गया?श्री मजीठिया ने आरोप लगाया कि जब विपक्षी नेता थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे, तो सरकार ने थाने की बिजली तक कटवा दी। उन्होंने दावा किया कि कार्यवाहक डीजीपी गौरव यादव के नेतृत्व में पुलिस परिवार को न्याय दिलाने के बजाय 'समझौता' करने के लिए धमका रही है।
विरोध प्रदर्शन में मौजूद मृतक के भाई वरिंदर पाल सिंह ने स्पष्ट किया कि जब तक मंत्री और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक परिवार अंतिम संस्कार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि वे किसी भी दबाव में नहीं झुकेंगे।
भाजपा की पंजाब इकाई ने डॉ. गगनदीप सिंह रंधावा के लिए न्याय सुनिश्चित करने हेतु अपने अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। पूरे पंजाब में 23 मार्च को जिला-वार प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। आंदोलन को और तेज करते हुए 24 मार्च को राज्य में मंडल-स्तरीय प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ स्वयं पटियाला में जिला स्तर के धरने में शामिल होंगे। श्री जाखड़ ने रविवार को कहा कि पंजाब में सरकार पर एक ऐसा गिरोह काबिज हो गया है जो राज्य को लूट रहा है। आप सरकार पहले सिर्फ लूट कर रही थी, लेकिन अब यह पंजाब के लोगों को मारने में लग गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से आए लोग पंजाब को धीरे-धीरे लूट रहे हैं।
पंजाब भाजपा के प्रदेश महासचिव राकेश राठौर ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और वरिष्ठ नेताओं द्वारा संबंधित पुलिस स्टेशन पर धरना देकर दबाव बनाने के बाद ही देर रात लालजीत सिंह भुल्लर, उनके पिता और पीए के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। हालांकि, अब तक उनमें से किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। यह स्पष्ट रूप से स्थापित करता है कि भगवंत मान आरोपियों को बचाना चाहते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री तरुण चुघ ने गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या को बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना बताते हुए कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के भीतर पनप चुके भय, भ्रष्टाचार और ज्यादा से ज्यादा लूटने के दबाव की राजनीति का भयावह उदाहरण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित