टिहरी , मई, 30 -- उत्तराखंड शासन की राजस्व परिषद आयुक्त एवं सचिव (आयुष एवं आयुष शिक्षा) रंजना राजगुरु ने शनिवार को टिहरी गढ़वाल के आयुष एवं होम्योपैथी चिकित्सालयों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए आयुष चिकित्सा पद्धति के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती राजगुरु ने बौराड़ी स्थित जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित आयुष चिकित्सालय में योग कक्ष एवं पंचकर्म चिकित्सा कक्ष का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से संवाद कर उपचार एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मरीजों ने उपलब्ध सेवाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए इनका विस्तार किए जाने की मांग रखी, ताकि उपचार के लिए देहरादून न जाना पड़े।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिद्धि मिश्रा ने आयुक्त को पंचकर्म चिकित्सा के अंतर्गत संचालित विभिन्न उपचार पद्धतियों की जानकारी दी। साथ ही विभाग में उपलब्ध संसाधनों एवं आवश्यक उपकरणों के संबंध में अवगत कराया। इस पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद श्रीमती राजगुरु ने चंबा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण कर औषधियों की उपलब्धता, स्टॉक बुक तथा पंचकर्म चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मरीजों से उपचार संबंधी अनुभव भी साझा किए और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर बल दिया।
उन्होंने जिला चिकित्सालय बौराड़ी स्थित स्टेट होम्योपैथिक डिस्पेंसरी का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने त्वचा रोगों के उपचार के लिए संचालित स्किन सेंटर का अवलोकन किया। इसके उपरांत उन्होंने चंबा ब्लॉक रोड स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित होम्योपैथिक डिस्पेंसरी में औषधि वितरण व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। चिकित्सालय के चिकित्सकों ने उन्हें संस्थान की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसडीएम कमलेश मेहता सहित आयुष एवं होम्योपैथी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सचिव ने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति से लाभान्वित मरीजों के अनुभवों को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित