आजमगढ़, सितंबर 11 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की मां के निधन पर शोक संवेदना जताने आजमगढ़ पहुंचे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि रंग बदल देने से चेहरा नहीं बदलेगा, प्रदेश की जनता सपा की गुंडागर्दी, तुष्टिकरण और अराजकता की राजनीति को अच्छी तरह पहचान चुकी है। श्री पाठक शुक्रवार को भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की माता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने आजमगढ़ के जीवनी गांव स्थित उनके आवास पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
सपा पर हमला बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण और अराजकता की राजनीति करती है। उसका इतिहास गुंडागर्दी और फसाद से जुड़ा रहा है। सपा के नए नीले ड्रेस कोड को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा इन दिनों बहुरूपियापन कर रही है, केवल रंग बदलने से चेहरा नहीं बदल जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था की चर्चा आज पूरे देश में हो रही है और सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के हित में काम कर रही है।
लखनऊ पोस्टमार्टम हाउस में मंत्री संजय निषाद के धरने के सवाल पर बृजेश पाठक ने कहा कि पीड़ित को न्याय दिलाना सरकार का दायित्व है। सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बाढ़ की स्थिति पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं हालात की निगरानी कर रहे हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल कैंप लगाकर दवाएं और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जा रही हैं। एच-1 एन-1 (स्वाइन फ्लू) को लेकर उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। मास्क का प्रयोग करने और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
मंडलीय चिकित्सालय में मशीनों के बंद होने की शिकायत पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया गया है। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित