देवरिया, सितंबर 21 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उत्तर प्रदेश के देवरिया में भाजपा के 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'नमो सेवा-अनकही कहानियां' नाम से विशेष नाट्य मंचन किया जायेगा।

सोमवार को पीडब्ल्यूडी डाक बंगला में प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने बताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश सेवा तक की 25 साल की यात्रा को संवाद, अभिनय और संगीत के माध्यम से मंच पर जीवंत किया जायेगा। इसमें राष्ट्रसेवा, अंत्योदय, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को भावनात्मक रूप में दिखाया जायेगा।

उन्होंने बताया कि नाट्य प्रस्तुति को सरल, संवेदनशील और संगीतमय बनाया गया है, ताकि प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों और सामुदायिक केंद्रों सहित सार्वजनिक स्थलों पर मंचन कर जनसंवाद स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित