बागेश्वर , मार्च 22 -- उत्तराखंड के बागेश्वर में पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रंगदारी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।

बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के अनुसार 16 मार्च को शिकायतकर्ता विक्रम सिंह दानू ने आरोपी के खिलाफ रंगदारी के मामले में पुलिस को शिकायत दी थी।

शिकायतकर्ता की ओर से आरोप लगाया गया गोपाल चन्द्र बनवासी निवासी रीठा कंधार, गरुड़, बागेश्वर की ओर होटल के अवैध निर्माण के नाम पर उसे ध्वस्त कराने की धमकी दी जा रही है और बदले में 2.5 लाख रुपए की रंगदारी मांगी जा रही है। यह भी आरोप है कि आरोपी 40 हजार रुपये वसूल चुका है।

बागेश्वर कोतवाली में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच की गई और उपनिरीक्षक नितिन बहुगुणा, एसओजी के अपर उपनिरीक्षक राजभानू की अगुवाई में गठित पुलिस बल ने आरोपी को शनिवार रात को गिरफ्तार कर लिया।

श्री मेहरा के अनुसार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें रंगदारी और गंभीर अपराध शामिल हैं। वह रंगदारी के मामले में पूर्व में भी जेल जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित