धार , अगस्त 04 -- मध्य प्रदेश में धार जिले के राजगढ़ कस्बे में पुलिस ने रंगदारी और मारपीट के आरोपी को गिरफ्तार कर उसका पैदल जुलूस निकाला। पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपी को कस्बे के प्रमुख बाजारों और मार्गों से घुमाकर क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को सख्त संदेश दिया गया।

पुलिस के अनुसार ग्राम अमोदिया निवासी हिम्मत पिता लक्ष्मण सेप्टा पर अपने साथियों के साथ मिलकर राजगढ़ क्षेत्र में रंगदारी दिखाने और मारपीट करने का आरोप है। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस सुरक्षा के बीच कस्बे के मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों से पैदल घुमाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि क्षेत्र में रंगदारी, हफ्ता वसूली, मारपीट तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखना पुलिस की प्राथमिकता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति रंगदारी, हफ्ता वसूली अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित