श्रीनगर , अप्रैल 14 -- जम्मू-कश्मीर में सोपोर के एक स्कूल में कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के एक दिन बाद, पुलिस ने छात्र प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ में शामिल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कम से कम 25 अन्य संदिग्धों की पहचान की है।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग विरोध प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने में शामिल थे।

सोपोर पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने छात्र विरोध प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ में शामिल आठ उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है और 25 अन्य संदिग्धों की पहचान की है। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है हालांकि, पुलिस ने गिरफ्तार लोगों की पहचान का खुलासा नहीं किया।

गौरतलब है कि सोपोर के सरकारी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक व्याख्याता के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद सोमवार को छात्रों ने तीव्र विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने इससे पहले इस मामले में आरोपी व्याख्याता को गिरफ्तार किया था। छात्रों द्वारा कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करने के बाद अधिकारियों ने उर्दू के व्याख्याता को पहले ही निलंबित कर दिया था।

कश्मीर के विद्यालय शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, जांच लंबित रहने तक व्याख्याता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वह गुरेज के बडगाम स्थित बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय से संबद्ध थे और संयुक्त निदेशक (उत्तर) को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है जो 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित