चंडीगढ़, 11अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस सांसद और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजाम पर यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर पंजाब भाजपा महिला मोर्चा ने रविवार को चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष जय इंदर कौर के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ तथा जय इंदर कौर सहित कई महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।
जय इंदर कौर ने दावा किया कि जेएनयू की 11 छात्राओं ने सांसद पर यौन और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद जेएनयू ने नौ अक्टूबर को उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया।
कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए जय इंदर कौर ने पूछा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे महिला सुरक्षा और सम्मान की बात करते हैं, लेकिन अपनी ही पार्टी के सांसद पर गंभीर आरोप लगने पर चुप क्यों हैं। भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस से सांसद को पार्टी से निलंबित करने, लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और शिकायतकर्ता छात्राओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित