पलक्कड़ , मार्च 28 -- केरल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान एक दलित महिला के यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों के बाद कांग्रेस ने शनिवार को पलक्कड़ नगर पालिका के पार्षद प्रसोभ सी. वलसलन को पार्टीसे निष्कासित कर दिया।

केरल कांग्रेस के निर्देश पर की गयी यह कार्रवाई पीड़िता के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और जिला पुलिस प्रमुख के पास शिकायत दर्ज कराने के बाद सामने आयी है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ए. थंकप्पन ने निष्कासन की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शनिवार को पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपी प्रसोभ वलसलन फिलहाल फरार है। शिकायत के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया है कि वलसलन ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके घर, कार और एक होटल में कई बार यौन उत्पीड़न किया और बाद में गर्भपात के लिए दबाव भी बनाया।

इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में उस समय तूल पकड़ लिया जब रिपोर्टों में वलसलन को पलक्कड़ के मौजूदा विधायक राहुल मामकूटथिल का करीबी सहयोगी बताया गया।

उल्लेखनीय है कि राहुल मामकूटथिल को भी वर्ष 2025 में यौन शोषण के कई आरोपों के कारण कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित