अम्बिकापुर , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के उदयपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मुड़गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित ग्राम रोजगार सहायक से राशि वसूली के निर्देश जारी किए हैं।

जिला कलेक्टर सरगुजा के समक्ष प्रस्तुत आवेदन में बताया गया कि ग्राम पंचायत मुड़गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास के लिए मनरेगा अंतर्गत 90 मानव दिवस की मजदूरी राशि का भुगतान निर्धारित समय पर नहीं किया गया। जांच में पाया गया कि संबंधित ग्राम रोजगार सहायक द्वारा कार्य पूर्ण होने के बावजूद मानव दिवस की प्रविष्टि समय पर ऑनलाइन नहीं की गई, जिसके कारण हितग्राही को भुगतान नहीं मिल सका।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत उदयपुर द्वारा संबंधित ग्राम रोजगार सहायक धनेश्वर प्रसाद यादव को पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद जनपद पंचायत उदयपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा आदेश जारी कर संबंधित कर्मचारी के मानदेय से 21,871 रुपये की राशि वसूलने का निर्णय लिया गया।

जारी आदेश के अनुसार उक्त राशि आगामी पांच माह तक मानदेय से किस्तों में काटकर संबंधित हितग्राही को भुगतान की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित