पटना, मई 21 -- समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और दिव्यांगजन कल्याण को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से जरूरतमंदों तक पहुंचना चाहिए। मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने आज समाज कल्याण निदेशालय, राज्य बाल संरक्षण समिति एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय के कार्यों की समीक्षा की।
इस दौरान मंत्री ने विभागीय योजनाओं की प्रगति, संस्थागत कार्यप्रणाली, बच्चों के संरक्षण एवं दिव्यांगजन कल्याण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर बात रखी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । उन्होंने दत्तक ग्रहण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने एवं उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष पहल करने का निर्देश दिए । आफ्टरकेयर योजना को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही सभी पदाधिकारियों को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता, समयबद्ध प्रगति तथा लाभार्थियों तक अधिकतम पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।
इस दौरान मंत्री ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय अंतर्गत संचालित राज्य एवं केंद्र प्रायोजित योजनाओं की भी समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों को प्रदान की जाने वाली सुविधाएं ससमय उन तक पहुंचाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना 'सम्बल' अंतर्गत बैट्री चालित ट्राईसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरणों के वितरण, दिव्यांगजन सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन उद्यमी योजना तथा निदेशालय अंतर्गत संचालित विशेष विद्यालयों एवं विशेष गृहों की भी समीक्षा की।
बैठक में समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एच. आर. श्रीनिवास, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के निदेशक धर्मेंद्र कुमार, दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय के निदेशक योगेश कुमार सागर समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित