पटना , मई 11 -- बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के नव-नियुक्त मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार की विकासोन्मुख योजनाओं की समयबद्ध मॉनिटरिंग और डेटा आधारित नीति निर्माण को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। श्री कुशवाहा ने आज पुराना सचिवालय स्थित विभागीय कार्यालय में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने उन्हें विभाग की संरचना, प्रमुख योजनाओं, सांख्यिकी एवं मूल्यांकन गतिविधियों तथा विभिन्न विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। विभागीय योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना को लेकर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।
बैठक में बताया गया कि योजना एवं विकास विभाग राज्य में विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग, मूल्यांकन एवं संसाधन प्रबंधन का नोडल विभाग है। विभाग के अंतर्गत अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय, मूल्यांकन निदेशालय, बिहार राज्य योजना पर्षद, बिहार मौसम सेवा केंद्र, बिहार स्थानीय क्षेत्र विकास अभिकरण तथा लोकल एरिया इंजीनियरिंग ऑर्गनाइजेशन जैसी प्रमुख इकाइयां कार्यरत हैं।
मंत्री को जानकारी दी गई कि विभाग द्वारा राज्य में सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) एवं प्रति व्यक्ति आय का आकलन, कृषि एवं सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण, जन्म-मृत्यु निबंधन, डेटा आधारित मॉनिटरिंग तथा विभिन्न योजनाओं के मूल्यांकन का कार्य किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित