जयपुर , मई 01 -- योगाचार्य ढाकाराम ने योग में बदलने की क्षमता बताते हुए कहा है कि इससे पूरे विश्व में शांति को ईजाद किया जा सकता हैं।
योगाचार्य ढाकाराम शुक्रवार को जयपुर के बस्सी स्थित निर्वाण विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के उपलक्ष्य में आयोजित योग महोत्सव के बाद मीडिया से कहा कि हम किसी को बदल नहीं सकते हैं लेकिन योग सबको बदलता हैं और यह साधना करने से होता हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों के लिए योग को बहुत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे बच्चों का मन शांत, एकाग्र एवं स्वस्थ रहने पर पढ़ाई अच्छी होगी और अपने परिवार के साथ देश और दुनिया का नाम रोशन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी के जीवन में एकाग्रता एवं याददाश्त के लिए योग बहुत महत्वपूर्ण हैं और जब वह स्वस्थ रहता है तो अच्छी पढ़ाई कर पाता हैं। बच्चों का मनशांत एवं एकाग्र होगा तो उनकी पढ़ाई अच्छी होगी।
उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ उनके माता पिता एवं शिक्षकों को भी योग की साधना करनी चाहिए ताकि उनमें अच्छा समन्वय हो। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरुकता जगाने की जरुरत बताते हुए कहा कि योग को व्यक्ति के जीवन का अभिन्न अंग बनाने की आवश्यकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित