बारां , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में बारां जिले के बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा है कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है।

श्री बैरवा ने मंगलवार को यहां जिला बैरवा महासभा समिति की ओर से अटरू रोड स्थित बैरवा छात्रावास में आयोजित तीन दिवसीय नि:शुल्क योग शिविर के समापन के अवसर पर कहा कि मौजूदा भागदौड़ भरी जिंदगी में योग और प्राणायाम का महत्व और भी बढ़ गया है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रह सकता है और शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। ऐसे नि:शुल्क योग शिविर समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जिला बैरवा महासभा समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि "स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ परिवार और स्वस्थ परिवार से स्वस्थ समाज का निर्माण होता है।

शिविर 18 से 20 अक्टूबर तक आयोजित किया गया, जिसमें योग एवं ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित