पटना , जून 21 -- विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति, ज्ञान और जीवन पद्धति का अमूल्य उपहार है, जिसने पूरे विश्व को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दी है।
बिहार विधानसभा सभा एवं ब्रह्मकुमारीज संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में सभा परिसर स्थित औषधीय वाटिका में आज सुबह के समय विशेष योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
डॉ. कुमार ने इस अवसर पर कहा कि संयुक्त राष्ट्र की ओर से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दिए जाने के बाद योग वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति में आत्मविश्वास, एकाग्रता, सकारात्मक सोच और कार्य करने की क्षमता का विकास होता है। वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, तनाव और असंतुलित दिनचर्या के बीच योग स्वस्थ जीवन का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग सभी को संयम, अनुशासन और प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर चलने की सीख देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित