पटना , जून 21 -- बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने रविवार को कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जिसे पूरी दुनिया ने अपनाया है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड द्वारा राजधानी वाटिका, इको पार्क, पटना में योग शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।

सहकारिता मंत्री श्री यादव ने कहा कि, योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का मार्ग है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल रोगों से दूर रहता है, बल्कि उसकी कार्यक्षमता एवं जीवन गुणवत्ता में भी वृद्धि होती है।उन्होंने कहा कि हमें योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए तथा इसके प्रति समाज में व्यापक जागरूकता फैलानी चाहिए।

योग शिवर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में निबंधक सहयोग समितियां रजनीश कुमार सिंह, सहकारिता विभाग के अपर सचिव, अभय कुमार सिंह, बिहार राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष, रमेश चन्द्र चौबे , प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य सहकारी बैंक मनोज कुमार सिंह सहित बैंक एवं विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित