नयी दिल्ली , जून 16 -- आयुष मंत्रालय ने देशभर के पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से 'योग पार्क पोर्टल' लॉन्च किया है।
आयुष मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि इस पहल का उद्देश्य योग, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली को लोगों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देना है। यह तेजी से बदलती शहरी जीवनशैली के बीच सार्वजनिक पार्क शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने योग पार्क पोर्टल का शुभारंभ करने के बार कहा कि योग पार्क स्थायी सामुदायिक परिसंपत्तियों के रूप में कार्य करेंगे और देश में निवारक स्वास्थ्य देखभाल व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देंगे।
योग पार्क पहल के तहत पंचायती राज संस्थाएं, शहरी स्थानीय निकाय, निवासी कल्याण संघ, गैर-सरकारी संगठन, कॉर्पोरेट संस्थान तथा अन्य संगठन मौजूदा पार्कों को योग एवं ध्यान केंद्रों के रूप में विकसित कर सकेंगे। इन पार्कों में योग चबूतरे, ध्यान क्षेत्र, हरित परिसर, जागरुकता केंद्र और सामूहिक गतिविधियों के लिए खुले स्थान विकसित किए जायेंगे, जिससे सभी आयु वर्ग के लोगों की नियमित भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
मंत्रालय के अनुसार यह पहल केवल बुनियादी ढांचे के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें स्वास्थ्य, पर्यावरणीय संतुलन और सामाजिक सहभागिता को भी महत्व दिया गया है। स्थानीय निकायों और सामुदायिक संगठनों की भागीदारी के साथ-साथ कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से निजी क्षेत्र को भी इसमें योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित