कोलकाता , जून 20 -- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले कोलकाता को विशेष रूप से सजाया और संवारा गया है। शहर की प्रमुख इमारतों, विरासत स्थलों, सड़कों और हुगली नदी तट को आकर्षक स्वरूप दिया गया है।
श्री मोदी रेड रोड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, राज्य सरकार के मंत्री तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के उपस्थित रहने की संभावना है।
वार्षिक गणतंत्र दिवस परेड के पारंपरिक स्थल रेड रोड पर करीब 35 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है। सामूहिक योग कार्यक्रम के लिए विशाल मंच और एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं ताकि प्रतिभागी कार्यक्रम और योग प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन देख सकें।
रेड रोड और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई तथा सौंदर्यीकरण का विशेष अभियान चलाया गया है। यातायात द्वीपों, स्मारकों और प्रमुख स्थलों को योग दिवस तथा कोलकाता समारोह के प्रतीकों वाले झंडों से सजाया गया है।
शहर की कई प्रमुख इमारतों और विरासत भवनों जिनमें भारतीय संग्रहालय, विक्टोरिया मेमोरियल, जनरल पोस्ट ऑफिस भवन और साइंस सिटी शामिल हैं, उन्हें तिरंगे की रोशनी से सजाया गया है। हुगली नदी पर स्थित हावड़ा ब्रिज और विद्यासागर सेतु भी तिरंगे रंगों में जगमगा रहे हैं।
बाबूघाट, प्रिंसेप घाट, ग्वालियर घाट और जजेस घाट समेत नदी तट के कई हिस्सों में सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया है। मिलेनियम पार्क और प्रिंसेप घाट के आसपास कचरा और जलकुंभी हटाने का अभियान भी चलाया गया।
कोलकाता नगर निगम ने "स्वच्छ से स्वागत" अभियान के तहत सड़क, पार्क, जल निकाय, धार्मिक स्थलों तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया है। नगर निगम के अनुसार शहर के उन स्थानों की भी सफाई की गई है जहां नियमित रूप से कचरा जमा होता रहा है।
योग दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न पार्कों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए पार्कों को सुबह साढ़े पांच बजे से खोलने की व्यवस्था की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित