अंबिकापुर/बलरामपुर , जून 22 -- छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के दौरान खींची गई एक तस्वीर को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कमरों ने योगाभ्यास के दौरान कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के परिधान पर बने कमल के डिजाइन को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी की, जिस पर मंत्री ने कड़ा जवाब दिया है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने सोमवार को अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, "जिस कमल के दम पर सत्ता पाई, आज उसी को भाजपा सरकार पैरों तले रौंद रही है।" उन्होंने योगाभ्यास के दौरान मंत्री की साड़ी पर बने कमल के फूल के डिजाइन को लेकर यह टिप्पणी की।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा , "कमल फूल छाप का सम्मान करना हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जानते हैं कि कैसे हमें कमल फूल का सम्मान करना हैं और जिस परिधान को लेकर बात कही जा रही है वह योगाभ्यास के लिए था जो कोई विषय नहीं है।"उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह तुष्टिकरण की राजनीति कर रहा है। मंत्री ने कहा कि जनता जानती है कि कांग्रेस नेता स्वार्थ की राजनीति करते हैं।
सुश्री राजवाड़े ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष को आउट कर दिया है। कांग्रेस के समय में किए गए भ्रष्टाचार कि जांच यदि कराई जाए मैं कहती नहीं लेकिन मजबूरन कहती हूं कि अगर भ्रष्टाचार कि जांच कराई जाए तो कितने आरोप लगेंगे यह स्पष्ट हो जानी चाहिए, भारतीय जनता पार्टी की सरकार कार्यकर्ता विधायक ऐसी बातों पर टिप्पणी नहीं करते एक व्यक्ति कि मर्यादा भी होती है टिप्पणी करने कि और मुझे लगता है।"उन्होंने श्री कमरों का नाम लेते हुए कहा, "गुलाब कमरों जी काफी वरिष्ठ है और वरिष्ठता के आधार पर ऐसी तुच्छ तुष्टिकरण कि राजनीति नहीं करनी चाहिए। उनको सम्मान करनी चाहिए कि हमारे सरगुजा कि बेटी कम उम्र में विधायक-मंत्री बनी ऐसा भाव उनके मन में होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस के नेता या वरिष्ठ इस भाव के साथ नहीं चलते कि सरगुजा अंचल कि बेटी आगे बढ़ रही है तो उसका साथ दे न कि नीचे गिराने का काम कर रहे हैं।"उल्लेखनीय है कि 21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में मंत्री राजवाड़े ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया था। उसी कार्यक्रम की एक तस्वीर को लेकर यह राजनीतिक विवाद सामने आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित