हरिद्वार , अगस्त 23 -- योग गुरु स्वामी रामदेव ने रविवार को उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित संत समागम के दौरान 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि लगातार होने वाले चुनावों से शासन और विकास कार्य प्रभावित होते हैं।

बाबा रामदेव ने कहा कि यदि देश में चुनाव एक साथ कराए जाएं तो समय की बचत होगी और इसका सकारात्मक प्रभाव शिक्षा व्यवस्था पर भी पड़ेगा।

इस संत समागम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कल्कि आश्रम के आचार्य प्रमोद कृष्णम सहित देश के विभिन्न प्रमुख संत उपस्थित थे।

स्वामी रामदेव ने कहा कि बार-बार होने वाले चुनाव देश को लगातार चुनावी मोड में बनाए रखते हैं, जिससे कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं और राष्ट्रीय प्रगति से जुड़े कार्यों की गति प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि चुनावी ड्यूटी में शिक्षकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों का काफी समय खर्च होता है। यदि चुनाव एक ही चक्र में कराए जाएं तो शिक्षक अपना पूरा ध्यान विद्यार्थियों और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में लगा सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित