चंडीगढ़ , जून 06 -- हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि योग किसी एक दिन तक सीमित गतिविधि नहीं बल्कि इसे दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव रख सकते हैं।

श्री गंगवा शनिवार को सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम के हॉकी मैदान में महिला एवं बाल विकास विभाग, आयुष विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली, व्यस्तता और बढ़ते तनाव के कारण लोग विभिन्न बीमारियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। योग शरीर को ऊर्जावान और लचीला बनाने के साथ-साथ मन को भी शांति प्रदान करता है।

श्री गंगवा ने कहा कि यदि नागरिक शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होंगे तो देश भी विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेनद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और आज दुनिया के अनेक देश इसे अपना रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से स्वयं योग अपनाने और अपने परिवार व मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित