रायपुर , मई 26 -- छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रूपनारायण सिन्हा के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित अनेक नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

मुख्यमंत्री साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री सिन्हा ने संगठन निर्माण, जनसेवा तथा भारतीय संस्कृति और योग के प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका समर्पित, अनुशासित और सेवाभावी व्यक्तित्व सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए उनका अचानक निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने योग आयोग अध्यक्ष सिन्हा के निधन को संगठन, समाज और योग क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सिन्हा अत्यंत सरल, सौम्य और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व के धनी थे। योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति लोगों को जागरूक करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री सिन्हा का निधन संगठन और समाज के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने योग और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार में अमूल्य योगदान दिया। एक कर्मठ कार्यकर्ता और कुशल मार्गदर्शक के रूप में उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने भी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि श्री सिन्हा सौम्य, सरल और समर्पित व्यक्तित्व के धनी थे। योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य और योग के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संगठनात्मक कार्यों के प्रति उनकी सक्रियता और निष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी।

सभी नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवारजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित