महोबा , जून 19 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुंदेलखंड के अपने दो दिवसीय दौरे में 21 जून को महोबा स्थित गोरक्षनाथ संप्रदाय के महान संत योगी गोरखनाथ की तप स्थली गोरखगिरी मे चल रहे विकास कार्यो का निरीक्षण करेंगे। जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज ने शुक्रवार को बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी कार्यक्रम के मुताबिक योगी का 20 व 21 जून को बुंदेलखंड के ललितपुर,झांसी,महोबा और हमीरपुर जिलों मे भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित है। वह 21 जून को योग दिवस पर झांसी मे सुबह आयोजित सामूहिक योगा कार्यक्रम मे सम्मलित होने के उपरान्त सीधे महोबा पहुंचेंगे और सबसे पहले गोरखगिरी पहाड़ी पर सिद्धश्वर महादेव मंदिर मे पूजा अर्चना करेंगे। मुख्यमंत्री यहां करीब एक घंटे तक रुकेंगे। इस दौरान वह पर्यटन विभाग द्वारा पहाड़ी मे कराये जा रहे विकास कार्यो का निरीक्षण करेंगे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत सूबे के पर्यटन विभाग द्वारा महोबा की गोरखगिरी पहाड़ी मे धार्मिक पर्यटन के विकास के लिए कोई एक हजार करोड़ से अधिक की धनराशि से विकास कार्य सम्पादित कराये जा रहे है। गोरख गिरि पहाड़ी के पथरीले पगडंडीनुमा रास्ते के स्थान पर सुगम मार्ग का निर्माण, विद्युतीकरण, सिद्धश्वर महादेव का मंदिर, सिद्धसरोवर का सुंदरी करण, ध्यान केंद्र का निर्माण आदि के कार्य कराये गए है।

इस परियोजना का लगभग 80 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है लेकिन अभी यहां सिद्धश्वर मंदिर के बाहर गुरु गोरखनाथ की विशालकाय धातु की प्रतिमा की स्थापना और रोप वे का निर्माण कार्य शेष है.जिसके मुख्यमंत्री के निरीक्षण उपरान्त गति मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महोबा भ्रमण कार्यक्रम मे विभिन्न विभागो को तीन दर्जन से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रस्तावित है.वह मोदी मैदान मे एक जनसभा को सम्बोधित करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा ब्यवस्थाओ का जायजा लेने के लिए एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायन ने शुक्रवार को महोबा का दौरा किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित