लखनऊ , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश सरकार शनिवार को विभिन्न विभागों में चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से 21 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे, जबकि शेष 797 अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों की ओर से नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

19 सितंबर को होने वाले इस नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश उद्योग निदेशालय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं तथा आयुष विभाग में चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे।

कार्यक्रम के तहत व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग में विभिन्न ट्रेडों के 48 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र मिलेगा।

इनमें मैकेनिक (ट्रैक्टर), पेंटर (सामान्य), सर्वेयर, मैकेनिकल मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स, लेदर गुड्स मेकर, वायरमैन और प्लंबर के पद शामिल हैं।

इनमें प्लंबर के 31, मैकेनिक (ट्रैक्टर) के छह, वायरमैन के चार तथा पेंटर (सामान्य) के चार अभ्यर्थी हैं। सर्वेयर, मैकेनिकल मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स और लेदर गुड्स मेकर के एक-एक अभ्यर्थी का चयन हुआ है।

उत्तर प्रदेश उद्योग निदेशालय, कानपुर के तहत सहायक सांख्यिकीय अधिकारी के नौ पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में एक्सरे-टेक्नीशियन के 357 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलेगा।

वहीं आयुष विभाग में होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के 361, होम्योपैथिक प्रोफेसर के चार, आयुर्वेद प्रोफेसर के पांच, आयुर्वेद रीडर के 22, यूनानी प्रोफेसर के एक, यूनानी रीडर के एक और यूनानी लेक्चरर के 10 पदों पर चयनित कुल 404 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

सरकार के अनुसार, इन नियुक्तियों से विभिन्न विभागों में मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ेगी और संबंधित सेवाओं को मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग में चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति से चिकित्सा सेवाओं को गति मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित