लखनऊ , जुलाई 05 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने बदहाली, तुष्टिकरण और अराजकता से बाहर निकलकर नई पहचान बनाई है।
श्री नबीन ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं । उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने न सिर्फ हर जिले बल्कि हर गांव से भी माफिया और गुंडाराज को समाप्त करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश के हर जिले का अपना अलग दादा, अलग गुंडा और अलग माफिया हुआ करता था। अपराधियों का राज और जंगलराज आम बात थी, लेकिन भाजपा सरकार ने कानून का राज स्थापित किया और अपराधियों के प्रभाव को खत्म किया।
उन्होंने महिला सुरक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले महिलाएं घर से बाहर निकलने में डरती थीं और अपने परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहती थीं। आज महिलाएं गर्व से कहती हैं कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन वाले प्रदेश में रहती हैं, जहां उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विकास के मुद्दे पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश और बिहार को बीमारू राज्य कहा जाता था और लोगों को लगता था कि इन राज्यों का भविष्य नहीं है। लेकिन आज दोनों राज्य विकास के नए मानक स्थापित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गरीबों के कल्याण और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, जिससे प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदली है।
श्री नबीन ने आस्था और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने देश की विरासत को सहेजने और हिंदू आस्था का सम्मान करने का काम किया है।
उन्होंने बिहार में रामचरितमानस के अपमान की घटना का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उस समय कांग्रेस नेतृत्व मौन बना रहा।
अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पिता भी पटना से कारसेवक के रूप में अयोध्या आए थे और उन्हें दो महीने जेल में रहना पड़ा था। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं ने हिंदू आस्था की रक्षा के लिए अनेक कुर्बानियां दी हैं और उनकी विरासत त्याग तथा समर्पण की रही है।
श्री नबीन ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का संकेत देते हुए कहा, "मैं उत्तर प्रदेश चुनाव की तैयारी के लिए आया हूं, शंखनाद करने आया हूं।" उनके इस दौरे को भाजपा के 2027 विधानसभा चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित