गोरखपुर कनेक्टिविटी उप्रगोरखपुर , अक्टूबर 31 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर में विकास और आधुनिक कनेक्टिविटी की रफ्तार लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है।

पिछले करीब सात वर्षों में जिले के बुनियादी ढांचे को विश्वस्तरीय स्वरूप देने की कड़ी में रविवार (1 नवंबर) को एक और बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को 59.44 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित करेंगे। यह बीते सात वर्षों में गोरखपुर को मिलने वाला 15वां सेतु (ओवरब्रिज/फ्लाईओवर) होगा।

गोरखपुर को जाम-मुक्त और तेज गति वाला शहर बनाने के लिए योगी सरकार ने सड़क और सेतु निर्माण पर विशेष फोकस किया है। भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज से पहले जिले में कुल 14 ओवरब्रिज व फ्लाईओवर का निर्माण पूरा कर उन्हें जनता को सौंपा जा चुका है। इन 14 पुलों के बनाने में 1215.39 करोड़ रुपये की लागत आई थी।

अब 59.44 करोड़ रुपये के भोपा बाजार ओवरब्रिज के लोकार्पण के साथ ही गोरखपुर में सात वर्षों के भीतर सेतु नेटवर्क के विकास पर कुल व्यय 1274.83 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। शहर के प्रमुख चौराहों, रेलवे क्रॉसिंगों और प्रमुख मार्गों पर बने इन फ्लाईओवर्स ने न केवल शहर के भीतर की दूरी घटाई है, बल्कि जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों और पड़ोसी जनपदों से कनेक्टिविटी को भी बेहद सहज बना दिया है।

भोपा बाजार रेल समपार फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण से क्षेत्रवासियों और दैनिक यात्रियों को वर्षों पुरानी जाम की गंभीर समस्या से निजात मिल जाएगी। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के चलते लगने वाली लंबी कतारों और समय की बर्बादी पर अब पूर्ण विराम लगेगा, जिससे स्थानीय व्यापार, आपातकालीन सेवाओं और सामान्य आवागमन को सुगम गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित