लखनऊ , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश में श्रमिक कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मंगलवार को लखनऊ में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया।
कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के छह जिलों के कुल 187 जोड़ों का विधिवत विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें 176 हिन्दू एवं 11 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। अवध शिल्पग्राम में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने की। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जहां अपर श्रमायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करती है, बल्कि श्रमिक परिवारों को सामाजिक सम्मान और सुरक्षा भी सुनिश्चित करती है।
कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया गया, जिससे माहौल भावनात्मक और उत्साहपूर्ण हो उठा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत अंबेडकर नगर के कलाकारों ने पारंपरिक विवाह गीत प्रस्तुत कर आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। वहीं सरोजनी नगर विधायक राजेश्वर सिंह के प्रतिनिधि द्वारा नवदंपतियों को वस्त्र एवं Rs.501 की सम्मान राशि भेंट की गई।
बोर्ड सचिव पूजा यादव ने बताया कि श्रमिकों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना बोर्ड का प्रमुख उद्देश्य है और भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। समारोह के अंत में सभी पात्र नवविवाहित जोड़ों को 85 हजार की आर्थिक सहायता के प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिससे उनके वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत को आर्थिक मजबूती मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित