लखनऊ , जून 16 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश क्लीन और ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान बना रहा है। इसी क्रम में राज्य को केंद्र सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा प्रतिष्ठित 'विंड प्रोक्योरमेंट चैंपियन' पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान गोवा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के 'ग्लोबल विंड डे-2026' कार्यक्रम में दिया गया।
ऊर्जा विशेषज्ञों के अनुसार यह उपलब्धि योगी सरकार की दूरदर्शी ऊर्जा नीति और प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उत्तर प्रदेश में पवन ऊर्जा उत्पादन की प्राकृतिक संभावनाएं सीमित हैं, लेकिन राज्य ने अन्य पवन ऊर्जा उत्पादक राज्यों से बड़ी मात्रा में ग्रीन पावर खरीदकर नया मानक स्थापित किया है।
सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और पावर ट्रेडिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से यूपी ने अब तक लगभग 5805 मेगावाट पवन ऊर्जा क्षमता के लिए दीर्घकालिक अनुबंध किए हैं। इनमें से करीब 1630 मेगावाट क्षमता की परियोजनाएं पहले ही चालू हो चुकी हैं और उनसे उत्पन्न बिजली उपभोक्ताओं को दी जा रही है।
राज्य सरकार 2030 के लिए तय रिन्यूएबल परचेज ऑब्लिगेशन लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने अतिरिक्त 5000 मेगावाट पवन ऊर्जा खरीदने की योजना तैयार की है। ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पवन ऊर्जा की सबसे बड़ी ताकत यह है कि गर्मियों में बिजली की मांग चरम पर होने पर भी यह पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहती है। खासकर शाम और रात के समय जब सौर ऊर्जा नहीं मिलती, तब पवन ऊर्जा आपूर्ति संतुलित करने में अहम भूमिका निभाती है। इसी कारण यह ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने का प्रभावी साधन बन रही है।
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने इस सम्मान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच, प्रभावी ऊर्जा नीति और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यूपी लगातार बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पर्यावरण अनुकूल तरीके से पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
गोवा में आयोजित समारोह में यूपीपीसीएल के निदेशक कार्पोरेट प्लानिंग दीपक रायजादा ने केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी से यह पुरस्कार ग्रहण किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक और विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
ऊर्जा एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव और ऊर्जा निगमों के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि 'विंड प्रोक्योरमेंट चैंपियन' का सम्मान उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है और यह राज्य सरकार की क्लीन और ग्रीन एनर्जी के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।
यूपीपीसीएल ने कहा कि वह भविष्य में भी नवीकरणीय ऊर्जा की खरीद बढ़ाकर उत्तर प्रदेश को ग्रीन एनर्जी में अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित