प्रयागराज , मई 16 -- उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. राकेशधर त्रिपाठी ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार पूर्व की सभी सरकारों की तुलना में बेहतर कानून व्यवस्था देने में सफल रही है।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि योगी सरकार अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक विजय मिश्रा जैसे बाहुबलियों को जहां पहले संरक्षण मिलता था, वहीं वर्तमान सरकार ने उन्हें जेल पहुंचाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है और कई अपराधी या तो जेल में हैं अथवा अपराध की दुनिया से बाहर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अदालतों द्वारा भी विजय मिश्रा जैसे अपराधियों को उम्रकैद की सजा सुनाई जा रही है, जो प्रदेश की मजबूत कानून व्यवस्था का परिणाम है। पूर्व मंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2027 में योगी आदित्यनाथ तीसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।
उल्लेखनीय है कि डॉ. राकेशधर त्रिपाठी समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने मुलायम सिंह यादव, मायावती, राजनाथ सिंह और कल्याण सिंह के साथ कार्य किया है।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि बाहुबली विधायक विजय मिश्रा पर उनके भाई डॉ. डीडी त्रिपाठी की हत्या का भी आरोप है। उन्होंने बताया कि 25 मई 1980 को मिर्जापुर में उनके भाई की हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा विजय मिश्रा पर कई अन्य गंभीर आपराधिक मामलों के आरोप हैं तथा उनके विरुद्ध कुल 87 मुकदमे दर्ज बताए जाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित