प्रयागराज , मई 06 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने न्यू कैंट क्षेत्र में आयोजित तीन दिवसीय 'नॉर्थ टेक सिंपोजियम-2026' के समापन समारोह में भाग लिया। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, कोबरा ऑडिटोरियम में आयोजित इस सैन्य तकनीकी संगोष्ठी का आज तीसरा और अंतिम दिन है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर भारतीय सेना द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आधुनिक हथियारों व तकनीकी नवाचारों की जानकारी ली।

उल्लेखनीय है कि इस सिंपोजियम का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया था। उन्होंने भी कार्यक्रम के दौरान सेना द्वारा विकसित अत्याधुनिक उपकरणों और प्रणालियों का निरीक्षण किया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगभग सवा घंटे तक कार्यक्रम में उपस्थित रहे और समापन सत्र में शामिल होकर आयोजन का औपचारिक समापन किया।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12:40 बजे प्रयागराज से रवाना हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित