लखनऊ , जून 23 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रखर राष्ट्रवादी और जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि दी।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, बलदेव सिंह औलख, विधायक नीरज बोरा, एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह, लालजी प्रसाद निर्मल, अवनीश सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी और भाजपा नेता नीरज सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी डॉ. मुखर्जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट कर भी डॉ. मुखर्जी को नमन किया। उन्होंने लिखा- " 'एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान, नहीं चलेंगे' के उद्घोषक, प्रखर राष्ट्रवादी और जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि।"योगी ने आगे लिखा, "भारत की एकता व अखंडता के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक देशवासी के हृदय में सदैव राष्ट्रवाद की लौ प्रज्ज्वलित करता रहेगा।"गौरतलब है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 का विरोध करते हुए 1953 में बलिदान दिया था। उनके बलिदान दिवस पर हर साल देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित