कूच बिहार/जलपाईगुड़ी , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के माथाभांगा और धुपगुड़ी विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक को लेकर कड़ा प्रहार किया और राज्य की ममता बनर्जी सरकार को घेरते हुए कहा कि "सिंहासन खाली करो, बीजेपी आ रही है।"मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले विधेयक को पास नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि यह देश की आधी आबादी का अपमान है और इसे महिलाएं कभी स्वीकार नहीं करेंगी। योगी ने टीएमसी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी केवल मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करती है और अन्य वर्गों की अनदेखी करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था कमजोर है, उद्योग बंद हो रहे हैं और बेरोजगारी बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच रहा और "टीएमसी के गुंडे" संसाधनों का दुरुपयोग कर रहे हैं। साथ ही, उन्होंने राज्य में धार्मिक स्वतंत्रता और त्योहारों पर कथित प्रतिबंधों को लेकर भी सरकार को घेरा।

श्री योगी ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां "नो कर्फ्यू, नो दंगा" की स्थिति है और माफिया पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराया है और कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का जिक्र करते हुए कहा कि यह कानून पड़ोसी देशों में उत्पीड़ित हिंदुओं, सिखों, जैनों को नागरिकता देने के लिए बनाया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में ऐसे कई परिवारों को नागरिकता और भूमि अधिकार दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित