कानपुर , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कानपुर के लिए 411 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
योगी ने वाल्मिकी जयंती के अवसर पर बिठूर में आयोजित एक कार्यक्रम में 159 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मंधना-गंगा बैराज-शुक्लागंज-पुरवा-मोहनलालगंज मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-173) के 16 किलोमीटर लंबे हिस्से का दो लेन से चार लेन में चौड़ीकरण, 26 करोड़ रुपये की लागत से डिफेंस कॉरिडोर परियोजना के कानपुर नोड में आंतरिक सड़क, तालाब, बाउंड्री वॉल और एसटीपी निर्माण सहित अन्य कार्य तथा 15 करोड़ रुपये की लागत से लखनऊ-मोहान-बांगरमऊ-नानामऊ-बिल्हौर-बेला-इटावा मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-40) के 5.52 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 48.52 करोड़ रुपये की लागत से विकासखंड चौबेपुर के ग्राम बनी और विकासखंड बिधनू के ग्राम खेरसा में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण, 31.50 करोड़ रुपये की लागत से बॉटनिकल गार्डन के विकास तथा 19 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से न्यू कानपुर सिटी योजना में 30 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
इस मौके पर मंच पर मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना जीरो पावर्टी के तहत रीना, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना दैवीय आपदा के तहत सौरभ यादव, मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत आशुतोष पांडेय, लखपति दीदी सीमा एवं रुखसार बानो, स्वदेशी गो-संवर्धन योजना के तहत प्रियांशु, आयुष्मान भारत योजना के तहत सुषमा कुशवाहा तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत डॉ. दीप्ति तिवारी को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सफाईकर्मी राजपाल वाल्मीकि एवं शिवम वाल्मीकि को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित