जालौन , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को जालौन में विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री दोपहर 12:40 बजे पुलिस लाइन जालौन स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद 12:45 बजे वह राजकीय मेडिकल कॉलेज के निकट स्थित डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स ग्राउंड पहुंचेंगे। वह 12:45 बजे से 1:45 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में माधौगढ़, सदर और कालपी विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं पर प्रकाश डालेंगे।

कार्यक्रम के उपरांत 1:45 बजे से 2:45 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री 2:45 बजे कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान कर 2:50 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे और वहीं से अगले गंतव्य के लिए रवाना हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा कार्यक्रम स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित