बदायूं 26 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोपी को बदायूं पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि यह मामला जिले के उघैती थाना क्षेत्र स्थित करनपुर गांव से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में आरोपी प्रभु दयाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश सरकार के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणियां करता हुआ नजर आ रहा था। वीडियो संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच प्रारंभ की।
पुलिस ने वीडियो का तकनीकी विश्लेषण कर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी वर्तमान में दिल्ली में निवास कर रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने दिल्ली में संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया है कि आरोपी प्रभु दयाल से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ एवं साक्ष्य संकलन के उपरांत सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित