गोरखपुर , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया जापान दौरे से एमएसएमई ;सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, सेक्टर में अद्यानुतन तकनीकी और कौशल विकास से नवाचार और स्टार्टअप्स की गति तीव्र होने की उम्मीद और बलवती हुई है।
मुख्यमंत्री योगी के जापान दौरे को निवेश और औद्योगिक विकास के लिए एक सफल पहल मानते हुए लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष दीपक कारीवाल का मानना है कि जापान का साथ मिलने से प्रदेश का एमएसएमई सेक्टर और सुदृढ़ होगा और इससे रोजगार सृजन में भी ऊंची छलांग लगेगी।
लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष कारीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान जापान की तरफ से उत्तर प्रदेश सरकार को एमएसएमई क्षेत्र में तकनीक हस्तांतरण, कौशल विकास, संयुक्त उपक्रम, सप्लाई चेन एकीकरण, ऑनलाइन सेलिंग में सक्रिय साझेदारी करने का प्रस्ताव दिया जाना राज्य के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि जापान की यह पहल यूपी को औद्योगिक हब और वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए सीएम योगी के प्रतिबद्ध प्रयासों का परिणाम है। योगी ने कानून व्यवस्था और उद्यमियों को प्रोत्साहन देकर प्रदेश के प्रति देश और दुनिया के लोगों की जो धारणा बदली है उसी के चलते जापान के प्रमुख उद्योगपतियों ने कृषि मशीनरी, आटो व कंपोनेंट्स, आटो आरएंडडी, सेमीकंडक्टर, डाटा सेंटर, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायो गैस, लाजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग के क्षेत्र में निवेश की इच्छा जताई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित