चमोली , जनवरी 27 -- उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) दिवस के अवसर पर मंगलवार को चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मंगलवार को इस अवसर पर कहा कि बहुत ही गर्व की बात है कि उत्तराखंड देश का पहला ऐसा राज्य है जहां यूसीसी कानून लागू है। उन्होंने कहा यूसीसीसी से महिलाओं को कानूनी सुरक्षा एवं सामाजिक समानता के अधिकार मिलेंगे। साथ ही धर्म या परंपराओं के नाम पर होने वाले भेदभाव को कम करने में यह कानून सहायक होगा। उन्होंने कहा विवाह एवं पारिवारिक मामलों में एकरूपता आने से विवादों में भी कमी आएगी।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि यूसीसी से सकारात्मक सामाजिक व्यवस्था सुदृढ़ होगी। वहीं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार ने कहा कि यूसीसी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों एवं चर्चाओं का आयोजन करते रहना चाहिए। जिससे अधिक से अधिक लोगों को यूसीसी के विषय में सकारात्मक जानकारी मिले।

कार्यक्रम में यूसीसी के नोडल अधिकारी एडीएम विवेक प्रकाश ने बताया कि चमोली में विगत एक वर्ष में 45,947 विवाह पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष अब तक 24,257 विवाह पंजीकरण किए जा चुके हैं। इस प्रकार जिले में 53 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के 60 ग्राम पंचायतों में यूसीसी पंजीकरण शत-प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है।

जिला शासकीय अधिवक्ता मनोज भट्ट ने यूसीसी के प्रावधानों की जानकारी दी । कार्यक्रम के अंत में यूसीसी के प्रचार-प्रसार एवं पंजीकरण में सहयोग करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों तथा नुक्कड़ नाटक करने वाली सांस्कृतिक टीम के सदस्यों को सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने किया। राजकीय इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।कार्यक्रम स्थल पर यूसीसी पर लोगों की राय जानने के लिए सुझाव पेटिका भी रखी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित