बुरहानपुर , सितंबर 01 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में मंगलवार को एआईएमआईएम ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा लागू किए गए यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

सिंधी बस्ती स्थित हुसैनी मैरिज हॉल के बाहर दोपहर करीब 12.30 बजे आयोजित विरोध प्रदर्शन में एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने मध्यप्रदेश सरकार से यूसीसी वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह कानून संविधान के अनुच्छेद 25, 26 और 29 का उल्लंघन करता है, जो नागरिकों को अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता प्रदान करते हैं।

खान ने कहा कि मुस्लिम समुदाय लंबे समय से अपनी धार्मिक परंपराओं का पालन करता आ रहा है और संविधान ने धार्मिक स्वतंत्रता को मौलिक अधिकार के रूप में मान्यता दी है। उन्होंने यूसीसी को मौलिक अधिकारों के विरुद्ध बताते हुए चेतावनी दी कि कानून वापस नहीं लिया गया तो मध्यप्रदेश में इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने यूसीसी विरोधी तख्तियां लेकर नारेबाजी की। शुरुआत में कार्यकर्ताओं को सिंधी बस्ती स्थित मैरिज हॉल के पास प्रदर्शन करने और कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकालने की अनुमति नहीं थी।

सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाया। इसके बाद पार्टी ने विधिवत अनुमति ली। अनुमति मिलने के बाद कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित