भोपाल , जुलाई 20 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने भाजपा विधायक दल की बैठक में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लाभ आमजन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि विपक्ष द्वारा फैलाए जाने वाले भ्रम का तथ्यों और साक्ष्यों के साथ जवाब दिया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यूसीसी समानता, न्याय और सशक्त समाज की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह कानून सभी नागरिकों को समान अधिकार और कानूनी संरक्षण प्रदान करेगा तथा महिला-पुरुष को संपत्ति में समान अधिकार देकर आधी आबादी के हितों का संरक्षण करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनजातीय समाज की परंपराओं और मान्यताओं के संरक्षण के लिए उन्हें यूसीसी के दायरे से बाहर रखा गया है।

उन्होंने विधायकों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में यूसीसी के प्रावधानों और उसके लाभों की जानकारी जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि विपक्ष के तथ्यों से परे आरोपों का प्रमाणों के साथ जवाब दिया जाए। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यूसीसी लागू होने से मुस्लिम महिलाओं को भी सबसे अधिक लाभ मिलेगा।

डॉ. यादव ने कहा कि विधायक अपने विधानसभा क्षेत्रों को मॉडल विधानसभा बनाने के लिए विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास और जनकल्याण कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है। उन्होंने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष बताते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को भी जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश यूसीसी लागू कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल यूसीसी को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास करेंगे, इसलिए जनप्रतिनिधि तथ्यों के साथ जनता को कानून के वास्तविक प्रावधानों से अवगत कराएं।

श्री खण्डेलवाल ने कहा कि यूसीसी में धार्मिक आस्था और परंपराओं का सम्मान करते हुए महिलाओं के अधिकारों को अधिक सशक्त बनाया गया है तथा जनजातीय समाज को कानून के दायरे से बाहर रखने का निर्णय उनकी परंपराओं के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विधायकों से सरकार की उपलब्धियों के साथ संगठन की गतिविधियों को भी प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया। बैठक में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित भाजपा विधायक दल के सदस्य उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित