मुरादाबाद , सितंबर 07 -- गांव की पगडंडी से लेकर महानगर की सड़कों तक यात्रियों को जोड़ने वाले यूपीएसआरटीसी यानी यूपी रोडवेज की बसें प्रदेश की परिवहन व्यवस्था की 'लाइफलाइन' कही जाती हैं। साधारण बसों से लेकर जनरथ, शताब्दी और अन्य श्रेणियों की यात्री सेवाओं वाले विशाल बेड़े का यह नेटवर्क अब वरिष्ठ महिलाओं के लिए सम्मान और आत्मनिर्भरता की राह भी आसान कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मातृ शक्ति यात्रा' ड्रीम योजना के तहत मुरादाबाद परिक्षेत्र में 28 अगस्त से 06 सितंबर तक 11,551 वरिष्ठ महिलाओं ने निःशुल्क रोडवेज यात्रा की। प्रदेश में रोडवेज का विस्तृत बस नेटवर्क शहरों के साथ-साथ छोटे कस्बों और ग्रामीण इलाकों को भी जोड़ता है। अलग-अलग मार्गों और यात्रियों की जरूरत के मुताबिक संचालित विभिन्न श्रेणियों की बसें प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाती हैं। इसी परिवहन तंत्र में साधारण बसों पर 60 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देकर सरकार ने वरिष्ठ मातृ शक्ति के आवागमन को आसान बनाने की पहल की है। मुरादाबाद क्षेत्र में योजना के क्रियान्वयन में धामपुर डिपो सबसे आगे रहा। यहां 2,915 वरिष्ठ महिला यात्रियों ने निःशुल्क यात्रा की। बिजनौर डिपो में 2,322 और पीतलनगरी डिपो में 2,190 महिलाओं ने योजना का लाभ उठाया। नजीबाबाद में 992, मुरादाबाद में 846, रामपुर और चांदपुर में 779-779 तथा अमरोहा डिपो में 728 वरिष्ठ महिला यात्रियों ने मुफ्त रोडवेज सेवा का लाभ लिया। दैनिक आंकड़े बताते हैं कि योजना के प्रति महिलाओं की भागीदारी लगातार बनी रही। 28 अगस्त को 2,287 और 29 अगस्त को 2,001 महिलाओं ने निःशुल्क यात्रा की। इसके बाद 30 अगस्त को 852, 31 अगस्त को 780, एक सितंबर को 1,169, दो सितंबर को 1,045, तीन सितंबर को 887, चार सितंबर को 888, पांच सितंबर को 786 और छह सितंबर को 856 वरिष्ठ महिला यात्रियों ने योजना का लाभ उठाया।
योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिला यात्रियों को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिल रही है। आधार कार्ड अथवा मतदाता पहचान-पत्र से आयु और पात्रता सत्यापित होने के बाद ईटीआईएम के माध्यम से शून्य मूल्य का टिकट जारी किया जाता है। टिकट में बस संख्या, यात्रा के प्रारंभिक स्थान और गंतव्य समेत आवश्यक विवरण दर्ज किया जाता है, जिससे मुफ्त यात्रा का रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित