लखनऊ , मार्च 25 -- उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रारंभिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को 'बालवाटिका नवारंभ उत्सव' का प्रदेशभर में उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम ने 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए शिक्षा की आनंददायक और प्रेरक शुरुआत सुनिश्चित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ के सरोजनीनगर विकासखंड के ग्राम रामचौरा स्थित प्राथमिक विद्यालय से अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा एवं महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बच्चों के उत्साह और ऊर्जा का विशेष माहौल देखने को मिला, जहां उन्होंने खेल-आधारित गतिविधियों के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को अपनाया।

अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि 3 से 6 वर्ष की आयु बच्चों के बौद्धिक और मानसिक विकास की आधारशिला होती है। 'नवारंभ उत्सव' का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही विद्यालय से जोड़ना है, ताकि वे नियमित शिक्षा की ओर सहजता से अग्रसर हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता 3 से 18 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।

महानिदेशक मोनिका रानी ने बताया कि खेल आधारित, स्व-अधिगम और सक्रिय अधिगम पद्धतियों के माध्यम से बच्चों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास किया जा रहा है। 'रेत पर लेखन' जैसी गतिविधियों ने बच्चों के लिए सीखने को सरल और रोचक बना दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित