लखनऊ , मार्च 01 -- भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष व झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने तीरंदाजी लीग को लेकर उत्तर प्रदेश की सराहना की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीरंदाजी का कार्य सराहनीय ढंग से आगे बढ़ रहा है।

लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में शनिवार से शुरू हुई राष्ट्रीय महिला तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को लखनऊ पहुंचे अर्जुन मुंडा ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि नेशनल रैंकिंग टूर्नामेंट के माध्यम से देशभर में प्रतिभाओं की खोज की जाती है, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ाया जा सके।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि दूरदराज के गांवों से आने वाले खिलाड़ियों की प्रतिभा देखकर यह स्पष्ट है कि ऐसे आयोजन खेलों के लिए नया वातावरण तैयार करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है, जिससे देशभर के खिलाड़ी उत्साहित हैं।

उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अवनीश अवस्थी ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर से करीब 350 महिला तीरंदाज पदक के लिए अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं, जबकि उत्तर प्रदेश से 44 खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश में तीरंदाजी को नई गति मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों से निकल रही प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित