लखनऊ , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश में गोवंश संरक्षण को लेकर सीसीटीवी से मॉनिटरिंग हो रही है। इस दिशा में 5446 गो-आश्रय स्थलों पर अब तक 7592 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं, जिससे इन स्थलों की निगरानी व्यवस्था हाईटेक हो गई है।

पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के अनुसार, 56 जनपदों में कमांड एवं कंट्रोल रूम सक्रिय हैं, जहां से कैमरों की मॉनिटरिंग की जा रही है। शेष 19 जनपदों में सीएसआर फंड के माध्यम से जल्द ही कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे, जिससे पूरे प्रदेश में एकीकृत निगरानी तंत्र विकसित होगा। सरकार का लक्ष्य है कि हर गो-आश्रय स्थल पर कम से कम 5 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं। इस पहल से पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही गोवंश की सुरक्षा और बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो रही है।

सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अब पशुओं के खान-पान, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और सुरक्षा की लगातार निगरानी की जा रही है। गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित निराश्रित गोवंश के लिए समय पर चारा, स्वच्छ पानी और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित