प्रयागराज , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत प्रदेश के सभी माध्यमिक विद्यालयों को अपने यहां कार्यरत शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों का विवरण ऑनलाइन अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।

स्कूलों को यह प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 तक पूरी करनी होगी। इसके लिए परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर पोर्टल खोला गया है।

बोर्ड सचिव भगवती सिंह की ओर से मंगलवार को जारी निर्देश के अनुसार, सभी विद्यालयों को शिक्षकों और कर्मचारियों का विवरण पोर्टल पर दर्ज करने के साथ पहले से उपलब्ध जानकारी को भी अपडेट करना होगा। परिषद ने इस कार्य में लापरवाही नहीं बरतने को कहा है। इसका उद्देश्य परीक्षा से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए योग्य शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करना है।

बोर्ड परीक्षाओं के दौरान प्रायोगिक परीक्षा, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन, कक्ष निरीक्षण और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाती है। इसके लिए उनकी शैक्षिक योग्यता, पद और विषय संबंधी सही जानकारी जरूरी है। परिषद इसी विवरण के आधार पर परीक्षा संबंधी जिम्मेदारियां सौंपेगी। इसके साथ ही शिक्षकों और कर्मचारियों के कंप्यूटरीकृत पहचान पत्र यानी डिजिटल आई-कार्ड भी तैयार किए जाएंगे।

परिषद ने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि पोर्टल पर शिक्षकों का नाम, जन्मतिथि, पद, नियुक्ति की तारीख, मोबाइल नंबर और शैक्षिक योग्यता सावधानीपूर्वक दर्ज करें। शिक्षक हाईस्कूल या इंटरमीडिएट में जिस विषय को पढ़ाते हैं, उसका नाम और विषय कोड भी सही भरना होगा। इससे विषयवार परीक्षा ड्यूटी आवंटित करने में सुविधा होगी।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किसी शिक्षक का विवरण एक से अधिक विद्यालयों से अपलोड नहीं किया जाना चाहिए। ऐसा होने से रिकॉर्ड में दोहराव और ड्यूटी आवंटन में गड़बड़ी की आशंका रहेगी। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि किसी विद्यालय की ओर से गलत जानकारी दी जाती है और उसके आधार पर कोई अयोग्य शिक्षक परीक्षक नियुक्त हो जाता है, तो संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे। ऐसे में सभी विद्यालयों को 15 नवंबर तक विवरण अपलोड और अपडेट करने के साथ उसकी शुद्धता सुनिश्चित करनी होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित