प्रयागराज , अक्टूबर 12 -- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने सोमवार शाम हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वर्ष 2027 की परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया। बोर्ड की परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेंगी। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस बार परीक्षाएं जल्दी कराने का निर्णय लिया गया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने सोमवार शाम बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं एक साथ दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी।
उन्होंने बताया कि पांच फरवरी को पहली पाली में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की हिंदी की परीक्षा होगी। वहीं, 24 फरवरी को अंतिम दिन संस्कृत और कृषि विषय की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड के अनुसार, इस बार परीक्षाएं लगभग 20 दिनों के भीतर संपन्न करा ली जाएंगी। इसके बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित