लखनऊ , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश में यूपी पीईटी 2026 परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

परीक्षा के दौरान प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के साथ ही परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि परीक्षा के दिन संभावित भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पहले से तैयारी पूरी कर ली जाए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का सर्वे कर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त ट्रैफिक प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक आसानी से पहुंचाने की समुचित व्यवस्था की जाए। पुलिस प्रशासन को फील्ड में मुस्तैद रहकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

दूसरे जनपदों से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रैन बसेरों में सम्मानजनक ठहरने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा परिवहन विभाग के साथ समन्वय कर पर्याप्त संख्या में बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को रेलवे के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो। रेलवे स्टेशनों और प्रमुख परिवहन केंद्रों पर भीड़ को नियंत्रित करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में करीब 37 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा, परिवहन और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित