लखनऊ , जून 20 -- उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने स्थानीय युवाओं को उनके आसपास रोजगार से जोड़ने के लिए 'ब्लू डॉट्सएआई' पहल की शुरुआत की है।
व्यावसायिक शिक्षा राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार को मुजफ्फरनगर में प्रदेश के पहले संयुक्त सुविधा केंद्र जेएफसी का उद्घाटन किया। गाजियाबाद में सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद अब इस डिजिटल पहल का विस्तार सभी 18 मंडलों में होगा।
अधिकारियों ने बताया कि युवा अपनी भाषा में वॉयस कॉल कर रोजगार की जानकारी ले सकेंगे। मोबाइल मैप पर आसपास उपलब्ध नौकरियां दिखेंगी। उद्योगों को आसपास के प्रशिक्षित अभ्यर्थी आसानी से मिलेंगे।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि तकनीक के जरिए स्थानीय हुनर और उद्योग को जोड़कर आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का लक्ष्य मजबूत होगा। गाजियाबाद में कुछ ही महीनों में 16 हजार से ज्यादा स्थानीय रोजगार अवसर और 15 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का पंजीकरण हुआ था।
मुजफ्फरनगर में बना पहला संयुक्त सुविधा केंद्र क्षेत्रीय समन्वय का प्रमुख केंद्र होगा। आने वाले समय में सभी 18 मंडलों में जेएफसी स्थापित होंगे। इनमें जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, रोजगार कार्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, उच्च शिक्षण संस्थान और एमएसएमई एक साथ काम करेंगे।
मंत्री ने कहा कि अक्सर एक ही क्षेत्र में नौकरी और योग्य अभ्यर्थी होने के बावजूद जानकारी के अभाव में दोनों नहीं मिल पाते। 'ब्लू डॉट्सएआई' लोकेशन आधारित मैपिंग और वॉयस सुविधा से इस गैप को खत्म करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित