लखनऊ , जनवरी 21 -- उत्तर प्रदेश की ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में योगी सरकार लगातार कदम बढ़ा रही है।
बुधवार को इसी क्रम में लखनऊ की दो ग्राम पंचायत स्तर पर आधार सेवाओं की शुरुआत करते हुए महत्वपूर्ण डिजिटल पहल को धरातल पर उतारा गया है।
लखनऊ के ब्लॉक सरोजनीनगर की ग्राम पंचायत भटगनवां पांडेय तथा चिनहट ब्लॉक की सैरपुर ग्राम पंचायत में आधार सेवा शुरू होने के बाद अब तक 40 से अधिक ग्रामीण नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। यह पहल पंचायत स्तर पर नागरिक सेवाओं की सहज, पारदर्शी एवं सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विभागीय योजना के अनुसार पहले चरण में प्रदेश की 1000 ग्राम पंचायतों में आधार सेवाएं प्रारंभ की जाएंगी, जिसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश की सभी 57,694 ग्राम पंचायतों तक विस्तारित किया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पंचायती राज विभाग द्वारा पंचायत सहायकों का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। अब तक 800 से अधिक पंचायत सहायकों को प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि शेष पंचायत सहायकों का प्रशिक्षण कार्य प्रगति पर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित